पार्टी में बड़ा पद दिलाने के नाम पर 82.63 लाख की ठगी, महिला आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद और ज्वाइनिंग कराने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपये की ठगी करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की (34), निवासी खोंगापानी, जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से आरोपी महिला से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से करीबी संबंध होने का दावा किया। जमीन विवाद सुलझाने के बाद उसने प्रार्थी का विश्वास हासिल किया और राजनीतिक रुचि व बेरोजगारी का फायदा उठाते हुए पार्टी में बड़ा पद दिलाने का झांसा दिया।

आरोप है कि पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया के नाम पर प्रार्थी तथा उसके परिचितों के खातों के माध्यम से और नगद कुल 82,63,194 रुपये लिए गए। रकम वापस मांगने पर महिला ने धमकी और ब्लैकमेलिंग करने का भी आरोप है।

एनएसई ने इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (ईजीआर) को बढ़ावा देने हेतु ऑगमोंट को प्रमुख साझेदार बनाया

मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1376/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी के लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के प्रमाण मिलने पर धारा 119(1) बीएनएस भी जोड़ी गई। पुलिस टीम ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी पहुंचकर आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और प्रार्थी के दस्तावेज व बायोडाटा जब्त किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में झगराखांड और रायपुर के सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी/ब्लैकमेलिंग सहित अन्य मामलों में अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि राजनीतिक पद, प्रभाव या अन्य लाभ दिलाने का प्रलोभन देने वाले संदिग्ध लोगों से सावधान रहें और ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।