मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र स्थित राजेपुर नवादा गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुबई से लौटे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतका की पहचान रिंकू कुमारी के रूप में हुई है। उसका विवाह बरूराज थाना क्षेत्र के हरनाही गांव निवासी मनोज भगत से हुआ था। पुलिस के अनुसार, मनोज रविवार को दुबई से लौटने के बाद सीधे अपनी पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि उसने सामान्य व्यवहार करने के बाद सब्जी काटने वाले धारदार हथियार ‘फसुल’ से रिंकू का गला रेत दिया और फरार हो गया।
मृतका के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही मनोज और उसके परिजन रिंकू को प्रताड़ित करते थे। इस विवाद को लेकर करीब दो वर्ष पहले पंचायत भी हुई थी। इसके बाद मनोज कुछ समय गांव में रहने के बाद फिर दुबई चला गया था।
घटना की सूचना मिलने पर सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से आरोपी का एक जूता बरामद किया गया है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।
एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
