किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में भारी बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन हुआ, जिससे क्वार 540 मेगावाट पावर प्रोजेक्ट के पास अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ी से अचानक गिरे भारी मलबे की चपेट में वहां खड़ी कई गाड़ियां आ गईं और दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी लगाई गई है और दबे वाहनों को निकालने का काम तेजी से जारी है।
लगातार बारिश के कारण इलाके में स्थिति गंभीर बनी हुई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। स्थानीय लोगों और यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि, खराब मौसम में सतर्कता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है और सभी को प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।
