रायपुर। छत्तीसगढ़ में ऊपरी हवा में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल गरजने, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान प्रदेश में बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। अनुमान है कि अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। मौसम में बदलाव के पीछे ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय मौसमी प्रणालियों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। समुद्र तल से 5.8 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिमी हवाओं में द्रोणिका बनी हुई है। वहीं, लगभग 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
