एकल शिक्षकीय संस्थाओं के शिक्षक, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की ड्यूटी नहीं लगाने के निर्देश, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण दिसंबर से होगा शुरू
उत्तर बस्तर कांकेर। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिले के सभी एसडीएम, जनगणना चार्ज अधिकारी, तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की बैठक लेकर जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जनसंख्या गणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जनगणना कार्य में एकल शिक्षकीय संस्थाओं के शिक्षकों, गर्भवती महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की ड्यूटी नहीं लगाई जाए। मान्यता प्राप्त निजी शैक्षणिक संस्थाओं के कर्मचारियों की ड्यूटी भी जनगणना कार्य में लगाई जा सकती है। जनगणना कार्य के लिए ड्यूटी लगाए जाने वाले कर्मचारियों एवं रिजर्व कर्मचारियों का पहले से चिन्हांकन करने के निर्देश दिए गए। सभी तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को टीम के प्रत्येक सदस्य का आंकलन कर निर्धारित मापदंड के अनुसार पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने को कहा गया। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणक धैर्यवान एवं जिम्मेदार होना चाहिए।
बैठक में बताया गया कि फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 02 से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। वहीं प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक आयोजित होगा। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति प्रशिक्षण प्रारंभ होने से पूर्व कर दी जाएगी। विशेष क्षेत्र चार्ज अधिकारियों एवं विशेष क्षेत्र प्रगणक-पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 27 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के मध्य आयोजित किया जाएगा।
जनगणना कार्यक्रम के अनुसार विशिष्ट व्यक्तियों (व्ही वीआईपी) द्वारा स्व-गणना 10 से 15 जनवरी 2027 तक तथा जनसामान्य द्वारा स्व-गणना 10 से 24 जनवरी 2027 तक की जा सकेगी। जनसंख्या गणना का फील्ड कार्य 25 से 28 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा पुनरीक्षण चरण 01 से 05 मार्च 2027 तक संपन्न किया जाएगा। प्रगणकों द्वारा पर्यवेक्षकों के माध्यम से जनगणना अभिलेख, नजरी नक्शा एवं संक्षिप्त मकान सूची सहित अन्य रिकॉर्ड 06 मार्च 2027 को जमा किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कंडोरा में रौतिया समाज भवन और अखरा विकास कार्यों का किया लोकार्पण
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे एवं भागवत प्रसाद जायसवाल, एसडीएम भानुप्रतापपुर अनिकेत अशोक फड़तरे, अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अंतागढ़ जी.डी. वाहिले, एसडीएम चारामा नरेन्द्र बंजारा, एसडीएम पखांजूर सुरेश साहू सहित सभी तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित थे।

