‘साथ जिएंगे या साथ मरेंगे’ कहकर उठाया खौफनाक कदम, युवती की मौत के बाद प्रेमी पर हत्या का आरोप

Follow Us

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक युवती की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले में उसके प्रेमी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि, दोनों ने परिवार से छिपाकर करीब एक साल पहले शादी की थी।

मृतका भवानी तुलसी नगर इलाके में रहती थी और एक मोबाइल शोरूम में बिलिंग एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी। वहीं आरोपी चंद्रशेखर ऑटो चालक है। दोनों गुपचुप तरीके से साथ रह रहे थे। हाल ही में भवानी की इंस्टाग्राम पोस्ट से उसके रिश्ते की जानकारी परिवार को मिली। परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर मकान मालिक को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर घर में भवानी मृत मिली, जबकि चंद्रशेखर बेहोशी की हालत में था। दोनों के पास से जहरीले पदार्थ के संकेत मिले।

पुलिस जांच में पता चला कि, भवानी को हाल में जानकारी मिली थी कि चंद्रशेखर पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित रूप से जहर पीने की कोशिश की, लेकिन युवती की मौत नहीं होने पर आरोपी ने उसका गला दबा दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और पीएम व फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।