मुंबई। फिल्म निर्माता करण जौहर ने मलयालम सिनेमा में अपने पहले प्रोजेक्ट का एलान कर दिया है। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनने वाली नई फिल्म ‘ओडियन: द एज ऑफ इल्यूजन’ में अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन और अभिनेत्री मंजू वारियर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राहुल सदाशिवन कर रहे हैं, जिन्हें लोककथाओं और हॉरर शैली की कहानियों को प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारने के लिए जाना जाता है। फिल्म का आधिकारिक पोस्टर जारी करते हुए करण जौहर ने इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी खुशी जाहिर की।
करण ने सोशल मीडिया पर लिखा कि धर्मा मूवीज मलयालम सिनेमा की दुनिया में अपना पहला कदम रख रहा है और इसके लिए पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बेहतरीन सहयोगी मिलना गर्व की बात है। उन्होंने राहुल सदाशिवन की कहानी कहने की शैली और मंजू वारियर व पृथ्वीराज की प्रतिभा की भी सराहना की।ओडियन: द एज ऑफ इल्यूजन’ केरल की लोककथाओं पर आधारित एक रहस्यमयी और डरावनी कहानी है। फिल्म में एक ऐसे रहस्यमयी रूप बदलने वाले जीव (शेप-शिफ्टर) की कहानी दिखाई जाएगी, जिसका गुस्सा एक प्रभावशाली महिला-प्रधान परिवार पर टूट पड़ता है। इसके बाद सच और भ्रम के बीच एक रोमांचक संघर्ष शुरू होता है, जिसमें मिथक, रहस्य और मनोवैज्ञानिक थ्रिल का अनोखा मेल देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता और सुप्रिया मेनन मिलकर कर रहे हैं। इसे राहुल सदाशिवन का अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
