सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत! दो दिन की तेजी के बाद कीमतों में गिरावट, चांदी 1.47% टूटी

Follow Us

मुंबई। कीमती धातुओं में निवेश करने वालों के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। लगातार दो कारोबारी सत्रों की बढ़त के बाद सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। घरेलू वायदा बाजार में दोनों धातुओं के भाव में करीब 1.47 प्रतिशत तक की कमजोरी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का अगस्त 2026 वायदा मामूली गिरावट के साथ खुला। कारोबार के दौरान सोने की कीमत 1,52,358 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर तक पहुंची, जबकि इसका उच्चतम स्तर 1,53,161 रुपये रहा। दोपहर तक सोना करीब 420 रुपये की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। चांदी में गिरावट ज्यादा देखने को मिली।

जुलाई 2026 का चांदी वायदा करीब 3,709 रुपये यानी 1.47 प्रतिशत टूटकर 2,47,749 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गया। कारोबार के दौरान चांदी ने 2,46,544 रुपये का न्यूनतम और 2,51,467 रुपये का उच्चतम स्तर छुआ। हाजिर बाजार में भी कीमतों में कमी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोना 552 रुपये गिरकर 1,50,094 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं 22 कैरेट सोने का भाव घटकर 1,37,486 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,12,571 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी पर दबाव नजर आया। विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों की चाल और निवेशकों की गतिविधियों का असर आने वाले दिनों में कीमतों पर पड़ सकता है।