बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। चार बाल अपचारियों ने कथित तौर पर चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे (40) की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। मृतक तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद का निवासी था और पिछले करीब एक वर्ष से संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत था।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चारों बाल अपचारियों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर उसके हाथ-पैर बांधकर गला दबाया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाल संप्रेक्षण गृह से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फरार बाल अपचारियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की उम्र 20 वर्ष हो चुकी थी और उसे जल्द ही जेल शिफ्ट किया जाना था। अन्य फरार बाल अपचारियों में एक हत्या और एक दुष्कर्म के मामले में आरोपी बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतक के परिजनों ने मामले में बाल संप्रेक्षण गृह के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल फरार चारों बाल अपचारियों की तलाश जारी है।
