जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में लूट की नीयत से एक चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो नाबालिग आरोपियों ने पहले बाइक सवार चौकीदार से लिफ्ट ली और फिर रास्ते में पैसों की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश सूर्यबंशी के रूप में हुई है, जो खोखरा गांव का निवासी था और पेशे से चौकीदार था। रविवार रात करीब 10 बजे वह बाइक से जा रहा था। जांजगीर बड़े नहर पुल के पास दो नाबालिगों ने उससे लिफ्ट मांगी। कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपियों ने उससे पैसे मांगे। जब राजेश ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद राजेश जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर भागने लगा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे और दौड़ाकर कई बार चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल राजेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को रात में ही हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

