नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। चयनित टीम में विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है, जबकि अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में शानदार शतक लगाने वाले युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को जगह नहीं मिली है। यह फैसला क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से शुरू होगी। सीरीज का पहला मुकाबला एजबेस्टन में खेला जाएगा।
विराट कोहली की वापसी, फिटनेस टेस्ट पर टिकी निगाहें
टीम चयन से पहले सबसे बड़ा सवाल विराट कोहली की उपलब्धता को लेकर था। बीसीसीआई ने उन्हें टीम में शामिल तो कर लिया है, लेकिन उनका अंतिम चयन फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगा।
जानकारी के अनुसार, विराट को 22 जून को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट देना है। आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जिसके चलते वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे। अब इंग्लैंड दौरे से उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ गई है।
तीन साल बाद वनडे टीम में लौटे जसप्रीत बुमराह
भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को भी बड़ा मजबूती मिली है। स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की करीब तीन साल बाद वनडे टीम में वापसी हुई है।
बुमराह ने आखिरी बार 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में भारत के लिए 50 ओवर का मुकाबला खेला था। इसके बाद वह वनडे टीम से बाहर रहे। अब इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में वह फिर से भारतीय गेंदबाजी की अगुआई करते नजर आएंगे।
यशस्वी जायसवाल का बाहर होना बना चर्चा का विषय
टीम चयन में सबसे चौंकाने वाला फैसला यशस्वी जायसवाल को बाहर रखना रहा। युवा बल्लेबाज ने 20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में 86 गेंदों पर नाबाद 110 रन की शानदार पारी खेली थी।
विराट कोहली के चोटिल होने के बाद यशस्वी को टीम में मौका मिला था और उन्होंने मिले अवसर का शानदार उपयोग करते हुए शतक जड़ा। इसके बावजूद इंग्लैंड सीरीज के लिए घोषित टीम में उन्हें जगह नहीं दी गई है, जिसने चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा
शुभमन गिल (कप्तान)
विराट कोहली
श्रेयस अय्यर
केएल राहुल
ईशान किशन
वॉशिंगटन सुंदर
अक्षर पटेल
नीतीश कुमार रेड्डी
कुलदीप यादव
जसप्रीत बुमराह
प्रसिद्ध कृष्णा
हर्षित राणा
अर्शदीप सिंह
गुरनूर बराड़
IND vs ENG ODI सीरीज का पूरा शेड्यूल
मैच ,तारीख., समय (भारतीय समयानुसार), स्थान
पहला वनडे 14 जुलाई 2026 दोपहर 3:30 बजे एजबेस्टन, बर्मिंघम
दूसरा वनडे 16 जुलाई 2026 शाम 5:30 बजे सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ
तीसरा वनडे 19 जुलाई 2026 दोपहर 3:30 बजे लॉर्ड्स, लंदन
इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ होने वाली यह सीरीज भारतीय टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है। विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की वापसी से टीम को अनुभव और संतुलन मिलेगा, जबकि यशस्वी जायसवाल को बाहर रखने का फैसला आने वाले दिनों में बहस का विषय बना रह सकता है।

