नई दिल्ली। नौकरीपेशा लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। इस फैसले का लाभ देशभर के करीब 7 करोड़ से अधिक ईपीएफओ सदस्यों को मिलेगा। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने पहले वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25 प्रतिशत ब्याज दर की सिफारिश की थी, जिसे अब वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिल गई है। इसके बाद ईपीएफओ जल्द ही अंशधारकों के खातों में ब्याज राशि जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
यह लगातार तीसरा साल है जब पीएफ जमा पर ब्याज दर 8.25 प्रतिशत बनी हुई है। सरकार की मंजूरी के बाद कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों में सीधा लाभ पहुंचेगा। ईपीएफओ ने खातों में ब्याज ट्रांसफर की प्रक्रिया को और आसान व तेज बनाने के लिए नए तंत्र को भी विकसित किया है। इससे अंशधारकों को ब्याज राशि मिलने में कम समय लगेगा।
गौरतलब है कि, पिछले वर्षों में PF ब्याज दर में कई बदलाव हुए हैं। वित्त वर्ष 2022-23 में यह दर 8.15 प्रतिशत थी, जिसे 2023-24 में बढ़ाकर 8.25 प्रतिशत किया गया था। अब सरकार ने इसी दर को आगे भी जारी रखने का फैसला लिया है। इस निर्णय से कर्मचारियों की बचत को मजबूती मिलेगी और करोड़ों खाताधारकों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
