कबीरधाम। कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम क्षीरपानी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए 25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ग्राम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उन्नयन कोष से यह राशि मंजूर की। इससे स्वास्थ्य केंद्र में बाउंड्रीवॉल निर्माण और आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाएंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रत्येक व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर और सुलभ उपचार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना का विकास होने से ग्रामीणों को बेहतर इलाज मिलेगा और उन्हें उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।
