रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह के स्वर्ण जयंती चौक के पास शनिवार देर रात डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद में एक नाबालिग ने 18 वर्षीय युवक गौरव सेन की पेपर कटर से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के चंद घंटों में ही विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में ले लिया है।
प्रार्थी अजय सेन निवासी स्वर्ण जयंती चौक, अमलीडीह ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 अक्टूबर मोहल्ले में शोभा यात्रा के अवसर पर समिति द्वारा धुमाल के साथ रात करीब 10 बजे सभी लोग स्वर्ण जयंती चौक पहुंचे थे। इस दौरान उसका छोटा भाई गौरव सेन भी शामिल था। डीजे पर नाचने के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर गौरव का एक लड़के से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर नाबालिग ने पास में पड़े टेंट में उपयोग होने वाले धारदार पेपर कटर से गौरव की जांघ पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
लहूलुहान हालत में गौरव को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।पूछताछ में बालक ने बताया कि तात्कालिक विवाद में उसने टेंट का पेपर कटर उठाकर वार किया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पेपर कटर जब्त कर विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई – प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 363/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और चंद घंटों में आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया।
