बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: शेख हसीना विरोधी रैली में बम धमाका, कई घायल

Follow Us

ढाका। बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव एक बार फिर हिंसक रूप लेता नजर आया। राजधानी ढाका के पास सावर में आयोजित नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) की रैली के दौरान हुए बम धमाके से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस विस्फोट में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है।

यह रैली उन छात्र नेताओं की अगुवाई में आयोजित की गई थी, जिन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व किया था। कार्यक्रम ‘जुलाई मार्च’ अभियान का हिस्सा था, जिसमें चुनावी सुधार, रोजगार सृजन, बिजली संकट का समाधान, महंगाई पर नियंत्रण और सीमा सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था।

NCP ने आरोप लगाया कि, धमाका उनकी रैली को निशाना बनाकर किया गया और इसे एक सुनियोजित आतंकी हमला बताया। पार्टी ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। गौरतलब है कि, शेख हसीना विरोधी आंदोलन की दूसरी वर्षगांठ पर पूरे बांग्लादेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे समय में हुए इस विस्फोट ने देश की राजनीतिक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।