रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और प्रदेशभर में झमाझम बारिश का दौर जारी है। नदी-नाले उफान पर हैं। बीते 24 घंटों में अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जुलाई को झारखंड और ओडिशा के पास बने अवदाब (लो-प्रेशर सिस्टम) के प्रभाव से मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि 8 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। इस दौरान पेंड्रा रोड में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और राजनांदगांव में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में बलौदाबाजार (20 सेमी), राजिम (18 सेमी), लवन (17 सेमी), गिधौरी, टुंड्रा और भाटापारा (16-16 सेमी) सहित कई क्षेत्रों में भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। रायपुर शहर में भी 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई।
राजधानी रायपुर में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
