जकार्ता में भारतीय संस्कृति की गूंज: भरतनाट्यम और रामायण से मंत्रमुग्ध हुए पीएम मोदी, प्रवासी भारतीयों ने किया भव्य स्वागत

Follow Us

जकार्ता/नई दिल्ली। इंडोनेशिया की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जकार्ता में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका आत्मीय स्वागत किया, जिस पर पीएम मोदी ने आभार व्यक्त करते हुए इसे बेहद भावुक करने वाला पल बताया। बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय समुदाय ने भी उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।

जकार्ता में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहे। उन्होंने ‘समन्वय ग्रुप’ की ओर से प्रस्तुत भरतनाट्यम नृत्य देखा और कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रस्तुति भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का शानदार परिचय है। इसके अलावा उन्होंने रामायण पर आधारित पारंपरिक शैडो पपेट्री का भी आनंद लिया, जिसमें भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक संबंधों की झलक दिखाई दी।

पीएम मोदी ने ‘होमेज टू द ट्रिपल जेम’ कार्यक्रम की भी प्रशंसा की। ‘विहारा धर्म रत्न ग्रुप’ के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत इस कार्यक्रम में भगवान बुद्ध की शिक्षाओं और करुणा, ज्ञान व सद्भाव के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कलाकारों और भारतीय समुदाय का धन्यवाद देते हुए कहा कि जकार्ता में मिला स्नेह और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान हमेशा यादगार रहेगा।