ईरान पर अमेरिका का सबसे बड़ा हवाई हमला, 14 प्रांतों के 140 ठिकाने निशाने पर; मध्य-पूर्व में बढ़ा युद्ध का खतरा

Follow Us

वॉशिंगटन/तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खुली सैन्य भिड़ंत में बदलता नजर आ रहा है। ताजा घटनाक्रम में अमेरिका ने ईरान के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, हमले में ईरान के 14 प्रांतों में स्थित लगभग 140 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। इन हमलों का मुख्य उद्देश्य मिसाइल लॉन्चिंग सिस्टम, ड्रोन ठिकानों और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के सैन्य ढांचे को नुकसान पहुंचाना बताया गया है।

हमलों के बाद दक्षिणी ईरान के बंदर अब्बास, केश्म द्वीप, जास्क और बुशहर समेत कई क्षेत्रों में जोरदार धमाकों की खबरें सामने आईं। वहीं, ईरान ने दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई में बहरीन स्थित शेख ईसा एयर बेस पर हमला किया, जहां अमेरिकी सैन्य सुविधाएं मौजूद हैं। हालांकि अमेरिका और बहरीन की ओर से इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर F-22 Raptor, B-1B Lancer और B-2 Spirit जैसे रणनीतिक बमवर्षक विमानों की तस्वीरें साझा कर अमेरिकी सैन्य ताकत का संदेश दिया। बढ़ते हमलों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र एक बार फिर वैश्विक चिंता का केंद्र बन गया है, क्योंकि यहां बढ़ता तनाव अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति और क्षेत्रीय सुरक्षा पर बड़ा असर डाल सकता है।