मुंबई। रियलिटी शो स्टार और इन्फ्लुएंसर उर्फी जावेद ने कॉमेडियन मधुर विरली के एक पुराने स्टैंड-अप क्लिप को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। इस वायरल वीडियो में रेप जैसे संवेदनशील विषय पर किए गए कथित मज़ाक को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वायरल क्लिप में मधुर विरली को रेप और उससे जुड़े बेहद असंवेदनशील संदर्भों पर टिप्पणी करते हुए देखा गया, जिसमें “रेप के बाद गले मिलने” जैसे उल्लेख ने दर्शकों के एक बड़े वर्ग को नाराज़ कर दिया। वीडियो में मौजूद दर्शकों की हँसी भी साफ सुनाई देती है, जिसने इस विवाद को और तेज़ कर दिया।
इसी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए उर्फी जावेद ने स्टैंड-अप कॉमेडी के उस कल्चर की आलोचना की जिसमें ऐसे संवेदनशील विषयों को मज़ाक का हिस्सा बनाया जाता है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नाराज़गी जताते हुए लिखा कि पुरुष कॉमेडियनों को अपनी टीम में महिलाओं को शामिल करना चाहिए ताकि संवेदनशीलता और समझ बढ़ सके। विवाद बढ़ने के बीच यह भी सामने आया कि जिस क्लिप को लेकर बहस शुरू हुई, उसे लेकर बढ़ते दबाव के बाद मधुर विरली ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया। इस घटना ने सोशल मीडिया पर कॉमेडी की सीमाओं, जिम्मेदारी और संवेदनशील विषयों पर मज़ाक के नैतिक पहलुओं को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।
