रायपुर। केंद्रीय मंत्री दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे रायपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल होंगे और हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क तथा टेक्सटाइल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। वहीं 13 जून को वे सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होने के साथ सदर बाजार-बुढ़ातालाब क्षेत्र में जनसंपर्क करेंगे।
मीडिया से चर्चा में गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के नेतृत्व में देश के सभी क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य हुए हैं, जिन्हें जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। ऑपरेशन लोटस को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोई ऑपरेशन नहीं चलाती। उन्होंने कहा कि जो जैसा कर्म करता है, उसे वैसा ही परिणाम मिलता है। वहीं कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहेंगे।
