नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की समाधि शक्ति स्थल पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। खरगे, गांधी तथा पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री की 109वीं जयंती पर उनकी समाधि शक्ति स्थल पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का छत्तीसगढ़ में दिख सकता है असर, 20 और 21 नवंबर को बारिश का यलो अलर्ट
इससे पहले खरगे ने इंदिरा गांधी को नमन करते हुए कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने अपना जीवन न्योछावर कर दिया था।
खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, “अदम्य साहस, संघर्ष और सशक्त नेतृत्व की प्रतीक तथा भारत की ‘लौह महिला’ इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। इंदिरा गांधी का समर्पण, योगदान, दृढ़ इच्छाशक्ति और निर्णायक नेतृत्व सदैव प्रेरणा बना रहेगा।” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपनी दादी इंदिरा गांधी को उनकी जयंती पर याद करते हुए कहा, “जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! आपके जैसी फिर कभी कोई नहीं होगी।” उन्होंने इसके साथ ही इंदिरा गांधी के साथ बचपन की अपनी एक तस्वीर भी साझा की है जिसमें वह अपनी दादी के साथ खेलती हुई दिखाई दे रही हैं।
