चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का छत्तीसगढ़ में दिख सकता है असर, 20 और 21 नवंबर को बारिश का यलो अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से मौसम का मिजाज बदल सकता है। प्रदेश के कई जिलों में 20 और 21 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दोनों दिनों के लिए अलग-अलग जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है।

विभाग से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचकर टकराने का अनुमान है। तट से टकराने के दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

जापान के कुमामोटो प्रांत में भूकंप के झटके महसूस किये गये, सुनामी की कोई चेतावनी नहीं, लोगों से सतर्क रहने की अपील

विभागीय जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर 2:30 बजे चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश के नरसापुर से लगभग 520 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 660 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। तूफान के आगे बढ़ने के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी मौसम संबंधी गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के प्रभावित क्षेत्रों में बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। इस अवधि में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के अनुमान को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मोदी ने इंदिरा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की

प्रदेश में ठंड का प्रभाव भी बरकरार है। कल बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, अंबिकापुर में रात का तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उत्तरी छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को राजधानी में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।