वाशिंगटन। अमेरिका के इडाहो में चल रहे एक मशहूर एयर शो के दौरान दिल दहला देने वाला बड़ा हादसा हो गया। माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दूसरे दिन, अमेरिकी नौसेना (US Navy) के दो अत्याधुनिक फाइटर जेट्स हवा में हैरतअंगेज करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान अचानक तालमेल बिगड़ने की वजह से दोनों विमान बीच आसमान में ही एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों विमान आग का गोला बनकर मलबे में तब्दील हो गए और जमीन पर जा गिरे। इस खौफनाक घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग दंग हैं।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे के बीच एक बड़ा चमत्कार हुआ। जैसे ही विमान टकराए, समय रहते दोनों फाइटर जेट्स के चालक दल के सभी चार सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर (इजेक्ट) निकलने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने आसमान से चार पैराशूटों को नीचे उतरते देखा, जिससे यह साफ हो गया कि चारों पायलट सुरक्षित हैं। हादसे का शिकार हुए ये विमान वॉशिंगटन के व्हिडबे द्वीप के इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129 के ‘EA-18G ग्रोवलर’ थे। इस भयानक टक्कर के तुरंत बाद माउंटेन होम एयर फोर्स बेस को पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया और पुलिस विभाग ने इस सार्वजनिक विमानन कार्यक्रम को आधिकारिक तौर पर रद्द करने की घोषणा कर दी। अमेरिकी नौसेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने पायलटों के सुरक्षित होने की पुष्टि की है और इस गंभीर हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
