मार्केट क्रैश: अमेरिका-ईरान तनाव से कांपा बाजार, खुलते ही निवेशकों के रू.4.46 लाख करोड़ डूबे

Follow Us

नई दिल्ली। हफ्ते के पहले ही दिन भारतीय शेयर बाजार में भूचाल आ गया और ग्लोबल मार्केट से मिले खराब संकेतों के चलते सोमवार सुबह बाजार खुलते ही निवेशकों के रू. 4.46 लाख करोड़ पल भर में स्वाहा हो गए। दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने दुनिया भर के बाजारों को सहमा दिया है, जिससे ब्रेंट क्रूड ऑयल $110 प्रति बैरल के पार निकल गया है। भारत के लिए कच्चे तेल की यह तेजी एक बड़ा झटका है, जिसका सीधा असर आज बाजार पर दिखा और सुबह शुरुआती कारोबार में ही चौतरफा बिकवाली हावी हो गई।

इस गिरावट के चलते सेंसेक्स 803 अंक (1.07%) टूटकर 74,434 के स्तर पर आ गिरा, जबकि निफ्टी भी 247 अंक (1.05%) फिसलकर 23,396 पर आ गया। यह मार सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी 1% से ज्यादा टूट गए। ऑटो, मेटल, रियल्टी और पीएसयू (PSU) बैंकों सहित लगभग सभी सेक्टर्स आज मंदी की चपेट में नजर आए।

बिकवाली के इस भयंकर तूफान के बीच केवल चुनिंदा आईटी शेयर जैसे इंफोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा ही हरे निशान में टिके रहने में कामयाब रहे। बाजार में ट्रेडिंग होने वाले कुल 3,075 शेयरों में से 2,107 शेयर धड़ाम हो गए, जबकि सिर्फ 780 शेयरों में बढ़त देखी गई। आलम यह रहा कि, करीब 95 शेयर लोअर सर्किट की चपेट में आ गए, जिससे छोटे और रिटेल निवेशकों की मेहनत की कमाई को तगड़ा नुकसान पहुंचा है।