सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के चम्पानगर गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे गांव के तालाब में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तालाब पानी से पूरी तरह भर गए हैं और जलस्तर बढ़ने से गहराई भी अधिक हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि गहरे पानी में जाने के कारण बच्चे बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
