राहुल गांधी पर तंज कसना पड़ा भारी: डिग्रियों का रौब दिखाने वाली प्रोफेसर साहिबा की सोशल मीडिया पर लगी इंग्लिश क्लास

Follow Us

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की एक असिस्टेंट प्रोफेसर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसना बेहद भारी पड़ गया। अर्पिता चटर्जी नामक प्रोफेसर ने एक्स (X) पर अपनी भारी-भरकम डिग्रियों का बखान करते हुए लिखा था कि उनके पास अंग्रेजी और एजुकेशन में दो-दो मास्टर डिग्री हैं, बी.एड. किया है और वह पीएचडी कर रही हैं। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या इतनी पढ़ी-लिखी होने के बावजूद उन्हें ‘अंधभक्त’ और बेवकूफ माना जाएगा? हालांकि, सोशल मीडिया पर दांव पूरी तरह उल्टा पड़ गया।

यूजर्स का ध्यान उनके राजनीतिक सवाल से हटकर उनकी कमजोर अंग्रेजी पर चला गया और लोगों ने उनकी पोस्ट में ग्रामर की धज्जियां उड़ाना शुरू कर दिया। यूजर्स ने बारीकी से गलतियां पकड़ते हुए सिखाया कि “two master’s degree” नहीं बल्कि “degrees” होगा और “pursuing PhD” की जगह “pursuing a PhD” लिखना सही व्याकरण है। लोगों ने चुटकी लेते हुए कहा कि राजनीति का तो पता नहीं, लेकिन मैडम की पोस्ट से कई लोगों की इंग्लिश जरूर सुधर गई। जहां एक तरफ लोग उनकी शैक्षणिक योग्यता का मजाक उड़ा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों का कहना है कि टाइपिंग में हुई एक छोटी सी भूल पर किसी की सालों की मेहनत पर सवाल उठाना गलत है।