ओडिशा से गांजा लाकर बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार, लवन में तस्करी नेटवर्क की जांच तेज

Follow Us

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लवन में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा मंगाकर स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करते थे। कार्रवाई के दौरान गांजा बिक्री से मिले 2,000 रुपये नकद और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और उनके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इसी कड़ी में थाना लवन पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए जयप्रकाश कुर्रे से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, जयप्रकाश के कब्जे से पहले 8.718 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने लवन निवासी जागेश्वर उर्फ नानू रात्रे और अर्जुन चन्द्राकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी गांजा मंगाने और उसकी बिक्री में सहयोग करते थे। पूछताछ में उनके पिछले दो से तीन वर्षों से इस गतिविधि में शामिल होने की बात सामने आई। इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 को दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जागेश्वर उर्फ नानू रात्रे (22), निवासी वार्ड क्रमांक 13, लवन और अर्जुन चन्द्राकर (23), निवासी वार्ड क्रमांक 11, लवन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस गांजा तस्करी के स्रोत तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।