ट्रंप का बड़ा बयान: नष्ट हो ईरान की ‘परमाणु धूल’, समझौते के बाद खुलेगा होर्मुज जलमार्ग

Follow Us

वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी शांति वार्ता के बीच एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ईरान के संवर्धित यूरेनियम (परमाणु धूल) को पूरी तरह नष्ट करने की मांग की है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ’ पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान के पास मौजूद परमाणु धूल को या तो तुरंत अमेरिका को सौंप दिया जाए, या फिर ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा आयोग (IAEA) की निगरानी में उसे खुद किसी सुरक्षित स्थान पर नष्ट करे।

दूसरी ओर, मध्य पूर्व में तनाव कम करने के लिए दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण सहमति बनती दिख रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका-ईरान समझौते के तहत सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को 30 दिनों के लिए खोल दिया जाएगा। इस दौरान ईरान समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगों को हटाएगा, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति बहाल हो सकेगी। युद्ध की वजह से बंद पड़े इस मार्ग के खुलने से दुनिया को बड़े ऊर्जा संकट से राहत मिलेगी।

इस बीच, शांति वार्ता को अंतिम रूप देने के लिए ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल कतर की राजधानी दोहा पहुंच चुका है। इस अहम बैठक में मध्यस्थ के तौर पर पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर भी शामिल हो रहे हैं। गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच बीते 8 अप्रैल को युद्धविराम हुआ था, लेकिन स्थायी शांति के लिए परमाणु हथियारों और व्यापारिक मार्गों पर अंतिम समझौता होना अभी बाकी है।