वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मुलाकात की। मंगलवार को हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों नेताओं के बीच ईरान, क्षेत्रीय सुरक्षा और आगे की रणनीति को लेकर करीब 90 मिनट तक चर्चा हुई। इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नेतन्याहू ने बैठक के दौरान ईरान से जुड़ी कुछ नई खुफिया जानकारियां अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ साझा कीं। दोनों नेताओं ने ईरान के खिलाफ संभावित कदमों और भविष्य की रणनीति पर विचार किया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक में कई विकल्पों पर चर्चा हुई, जिनमें सैन्य कार्रवाई और कूटनीतिक रास्ते शामिल थे। इजरायल का मानना है कि, ईरान की परमाणु गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की जरूरत पड़ सकती है। एक इजरायली अधिकारी ने बताया कि, इजरायल ने अमेरिका के साथ अपना आकलन साझा किया है, लेकिन ईरान के खिलाफ किसी कार्रवाई के लिए अमेरिकी प्रशासन पर दबाव नहीं बनाया गया है। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब राष्ट्रपति ट्रंप एक ओर ईरान के साथ बातचीत की संभावनाएं तलाश रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं। ओवल ऑफिस में हुई यह बैठक बंद दरवाजों के पीछे हुई, जिसमें मीडिया को शामिल नहीं किया गया और बाद में कोई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं हुई।.
