केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के दुर्ग दौरे पर ट्रैफिक प्लान जारी, भारी वाहनों की नो एंट्री और पार्किंग स्थल निर्धारित

Follow Us

दुर्ग। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के 30 अक्टूबर को दुर्ग आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए अलग-अलग मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान दुर्ग शहर में भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

बसों के लिए निर्धारित पार्किंग
कार्यक्रम में शामिल होने वाली बसों के लिए लक्ष्मी मार्केट, पुलगांव में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बसें गेट नंबर 4 से 8 तक प्रवेश कर निर्धारित स्थान पर पार्क होंगी। धमधा-अहिवारा की ओर से आने वाली बसों का मार्ग धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक और पुलगांव चौक से होकर लक्ष्मी मार्केट तक निर्धारित किया गया है।

चारपहिया और दोपहिया वाहनों की पार्किंग
पाटन एवं भिलाई की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जेल तिराहा, महाराजा चौक और पोटिया चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय एवं प्रताप बिजनेस पार्क में पार्किंग निर्धारित की गई है। बालोद-अंडा की ओर से आने वाले वाहन अंडा, चंदखुरी और पुलगांव चौक से इन पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकेंगे।

धमधा-अहिवारा से आने वाले छोटे वाहनों के लिए धमधा नाका, ग्रीन चौक, राजेंद्र प्रसाद चौक, पटेल चौक और गंजपारा तिराहा होते हुए पुलगांव नाला के पहले स्थित नवकार परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

BREAKING: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में तबादले, 29 पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना

राजनांदगांव एवं अंजोरा की ओर से आने वाले वाहन अंजोरा बाईपास, अंजोरा और पुलगांव चौक होते हुए भारती विश्वविद्यालय एवं प्रताप बिजनेस पार्क में पार्क होंगे। रायपुर एवं वैशाली नगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कुम्हारी, पावर हाउस, गुरुद्वारा तिराहा, मालवीय नगर चौक, जेल तिराहा और महाराजा चौक होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचने का मार्ग तय किया गया है।

VVIP रूट पर दुकानें और ठेले लगाने पर प्रतिबंध
VVIP वाहनों की पार्किंग महेश कॉलोनी में निर्धारित की गई है। कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक निर्धारितVVIP मार्ग पर भारी वाहन खड़ा करना प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर दुकानें और ठेले लगाने की भी अनुमति नहीं होगी।

भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों की नो एंट्री
30 अक्टूबर को दिन के समय दुर्ग शहर के निर्धारित मार्गों पर भारी एवं मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसमें गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा-महमारा रोड शामिल हैं। इस दिन सामान्य नो एंट्री में दोपहर 12 से 2 बजे तक मिलने वाली छूट भी लागू नहीं रहेगी।

चक्रवात अर्नब से आंध्र प्रदेश में 8 लोगों की मौत, 15 हजार बिजली के खंभे गिरे,13 जिलों में बाढ़ की चेतावनी

यातायात पुलिस दुर्ग ने कार्यक्रम में आने वाले नागरिकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने, वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने और सड़क पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।