o हर गली-मोहल्ले और चौक-चौराहे पर रही पुलिस की पैनी नजर, समितियों से लगातार संवाद और संदिग्धों की निगरानी का दिखा असर
कांकेर। कांकेर में गणेश विसर्जन को लेकर हर वर्ष सामने आने वाली विवाद और अव्यवस्था की आशंकाओं के बीच इस बार प्रशासन और पुलिस की कड़ी तैयारियों ने हालात को पूरी तरह नियंत्रण में रखा। 26 सितंबर को जिलेभर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। देर रात तक डीजे की धुन और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच गणपति बप्पा को विदाई दी गई, लेकिन इस बार उपद्रव और विवाद हावी नहीं हो सका। पुलिस और जिला प्रशासन की मुस्तैदी के चलते विसर्जन का पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा।
विसर्जन से पहले ही प्रशासन ने तैयारियों को लेकर कमर कस ली थी। गणेश समितियों के साथ लगातार बैठकें कर उन्हें निर्धारित व्यवस्था के तहत विसर्जन करने, जुलूस के दौरान संयम बरतने और किसी भी प्रकार के विवाद से दूर रहने की समझाइश दी गई थी। दूसरी ओर पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों, गलियों, मोहल्लों और प्रमुख चौक-चौराहों पर जवानों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया था।
लंबे रिश्ते के बाद दूसरी से सगाई, महिला की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
पहले से चिन्हांकित संदिग्धों पर रही पैनी नजर:
विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका वाले संदिग्ध लोगों पर पुलिस की विशेष निगरानी रही। पुलिस ने पहले से संवेदनशील लोगों और संभावित उपद्रव वाले स्थानों को चिह्नांकित कर रखा था। यही वजह रही कि असामाजिक तत्वों को माहौल बिगाड़ने का ज्यादा मौका नहीं मिला। कुछ स्थानों पर हल्की झड़प जैसी स्थिति जरूर बनी, लेकिन पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामले को बढ़ने से पहले ही नियंत्रित कर लिया।
पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मामूली विवाद को भी गंभीर रूप लेने नहीं दिया गया। जवानों की मौजूदगी और तत्काल समझाइश से स्थिति सामान्य होती रही। बलवा, बड़े विवाद या शांति भंग जैसी कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई।
यातायात व्यवस्था भी रही चुस्त-दुरुस्त:
गणेश विसर्जन के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने पहले से तैयारी कर रखी थी। विसर्जन मार्गों पर जवानों की तैनाती, भीड़ को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने की व्यवस्था के चलते बड़े जाम की स्थिति निर्मित नहीं हुई। श्रद्धालुओं और गणेश समितियों को विसर्जन के दौरान आवागमन में अपेक्षाकृत सुविधा रही।
CG Crime: एकलव्य स्कूल छेड़छाड़ केस में बड़ा एक्शन, फरार शिक्षक राजस्थान से गिरफ्तार
प्रशासन की रणनीति आई काम:
कांकेर में इस वर्ष गणेश विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय का असर साफ दिखाई दिया। प्रशासन ने जहां समितियों के साथ संवाद को प्राथमिकता दी, वहीं पुलिस ने मैदान में सख्ती और सतर्कता दोनों का परिचय दिया।
देर रात तक शहर में गणेश प्रतिमाओं की विदाई का सिलसिला चलता रहा। डीजे की धुन, जयकारों और श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच गणपति बप्पा को विदाई दी गई, लेकिन इस बार उत्सव के बीच उपद्रव की कोई बड़ी तस्वीर सामने नहीं आई। हर वर्ष विवाद और अव्यवस्था की आशंका वाले गणेश विसर्जन को इस बार पुलिस और प्रशासन ने चुनौती के रूप में लिया और सुरक्षा व्यवस्था के दम पर इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
सास-ननद की शिकायत पर हाईकोर्ट सख्त, बहू और मायके पक्ष के खिलाफ ट्रायल रहेगा जारी


