पालघर। महाराष्ट्र के पालघर में मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया। डहाणू तहसील के बापूगांव से 100 से अधिक लोगों को लेकर शादी के कार्यक्रम में जा रहे एक ओवरलोड ट्रक की सामने से आ रहे कंटेनर से जोरदार भिड़ंत हो गई। धानीवरी गांव के पास हुई यह टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां पलट गईं और चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और हाईवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। ट्रक के नीचे दबे घायलों को क्रेन और स्थानीय मदद से बाहर निकालकर तुरंत कासा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, ट्रक में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। तेज रफ्तार, संकरी सड़क और ड्राइवर के नियंत्रण खो देने के कारण यह भयानक हादसा हुआ।

इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है, साथ ही प्रशासन को घायलों के मुफ्त और बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर लगे लंबे जाम को पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारू कराया।
