अमेरिका में मस्जिद पर आतंकी हमला: दो टीनएजर्स ने की अंधाधुंध फायरिंग, सुरक्षा गार्ड समेत 3 की मौत, हमलावरों ने भी खुद को उड़ाया

Follow Us

वाशिंगटन। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन डिएगो की सबसे बड़ी मस्जिद में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दो टीनएजर्स ने मस्जिद परिसर में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिससे एक सुरक्षा गार्ड सहित तीन बेगुनाह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, जांबाज सुरक्षा गार्ड की सूझबूझ और बहादुरी के कारण मस्जिद के भीतर मौजूद कई अन्य लोगों की जान बच सकी। इस खूनी खेल को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावरों ने कुछ ही दूरी पर खड़ी अपनी कार के अंदर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली।

जांच में जुटी एफबीआई (FBI) और स्थानीय पुलिस को हमलावरों की गाड़ी से भारी मात्रा में इस्लाम विरोधी लेख और सामग्री बरामद हुई है। घटना में इस्तेमाल की गई एक बंदूक पर हेट स्पीच भी लिखी हुई मिली है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि 17 और 19 साल के इन हमलावरों में से एक अपने माता-पिता के घर से हथियार चुराकर लाया था और वहां एक सुसाइड नोट भी छोड़ गया था, जिसमें ‘नस्लीय गौरव’ (Racial Pride) का साफ तौर पर जिक्र है।

इस भीषण हमले के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। एफबीआई के डायरेक्टर काश पटेल ने इस नफरती हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि पीड़ितों की मदद और स्थानीय पुलिस के सहयोग के लिए सभी संसाधन लगा दिए गए हैं। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से जांच कर रही है कि इस पूरी गोलीबारी के पीछे मुख्य वजह और कोई बड़ी साजिश तो नहीं थी।