गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। बिलासपुर रेल मंडल के अंतर्गत टेंगनमाढ़ा रेलवे स्टेशन के मुख्य रेलवे ट्रैक पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव कई हिस्सों में बिखर गया और उसके अंग करीब 100 मीटर तक रेलवे ट्रैक पर फैले मिले। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पेंड्रारोड की टीम मौके पर पहुंची और शव के बिखरे हुए हिस्सों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। तलाशी के दौरान उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। युवक ने केवल नीले रंग की जींस पहन रखी थी। जीआरपी ने आसपास के गांवों और आम लोगों से अपील की है कि यदि इस हुलिए का कोई व्यक्ति लापता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि मृतक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और युवक की पहचान के संबंध में जांच कर रही है।
