रेल ट्रैक पर दर्दनाक हादसा : मालगाड़ी की टक्कर से हथिनी की मौत, साथी को छोड़ने को तैयार नहीं हुआ हाथियों का झुंड

Follow Us

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मानव और वन्यजीव संघर्ष से जुड़ी एक मार्मिक घटना सामने आई है। घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से एक जंगली मादा हाथी की मौत हो गई। हादसे के बाद उसका झुंड लंबे समय तक घटनास्थल के आसपास डटा रहा, जिससे माहौल बेहद भावुक और चिंताजनक बन गया।

जानकारी के अनुसार, कोयला परिवहन के लिए उपयोग की जाने वाली रेल लाइन पर एक मालगाड़ी गुजर रही थी। इसी दौरान करीब 45 वर्षीय मादा हथिनी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके पैर में गंभीर चोट आई और वह घटनास्थल पर ही दर्द से तड़पने लगी। हथिनी की चीख-पुकार सुनकर उसके झुंड के अन्य हाथी भी मौके पर पहुंच गए और घायल साथी के आसपास घेरा बनाकर खड़े हो गए। हाथियों की मौजूदगी के कारण वन विभाग और रेस्क्यू टीम को राहत कार्य शुरू करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

वन विभाग की टीम उपचार की तैयारी कर ही रही थी कि घायल हथिनी ने दम तोड़ दिया। इसके बाद अधिकारियों ने क्षेत्र की निगरानी बढ़ाते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग द्वारा नियमानुसार शव का अंतिम निस्तारण किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और रेल मार्गों पर उनके संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।