रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक लगातार टलने से गर्मी का असर फिर बढ़ने लगा है। जून का पहला पखवाड़ा गुजरने के बावजूद प्रदेश के मध्य क्षेत्रों, खासकर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, जबकि मानसून का इंतजार अभी भी जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जरूर हुई है, लेकिन इसका असर सीमित क्षेत्रों तक ही रहा। सोमवार को बेमेतरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश की बात करें तो सूरजपुर जिले के ओड़गी में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा सरगुजा संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे वहां मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।
राजधानी रायपुर में मंगलवार को बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे उमस बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है।
