बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, 14 वर्षीय बेटे के सिर से उठा माता-पिता का साया

Follow Us

बिलासपुर। जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में पति-पत्नी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब महिला घर के आंगन में कपड़े सुखाने गई थी। उसे करंट की चपेट में आता देख बचाने पहुंचे पति भी बिजली प्रवाह की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ग्राम कर्रा निवासी सचिन चंद्राकर (45) और उनकी पत्नी रजनी चंद्राकर (32) जेके कॉलेज में खाना बनाने का काम करते थे। शनिवार तड़के रोज की तरह दोनों घर पर थे। इसी दौरान रजनी कपड़े सुखाने के लिए आंगन में गईं और कपड़ा डालने के लिए लगाए गए जीआई तार को छूते ही करंट की चपेट में आ गईं।

पत्नी को तड़पता देख सचिन उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि अलवेस्टर शीट में लगे लोहे के एंगल में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे कपड़े सुखाने वाले तार में भी करंट आ गया था। दोनों गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृत दंपति का 14 वर्षीय बेटा है, जो स्कूल में पढ़ाई करता है। माता-पिता की असामयिक मौत से उसके सिर से मां-बाप का साया उठ गया है। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है।