सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार को अवैध खदान में बड़ा हादसा हो गया। लांची गांव स्थित खदान में खुदाई के दौरान अचानक चट्टान भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, लांची गांव के पास संचालित अवैध खदान में मजदूर खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खदान की चट्टान ढह गई और वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को मलबे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध खदान का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था और इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।

