NEE परीक्षा में एकलव्य विद्यालय भैरमगढ़ के तीन छात्रों ने हासिल की सफलता, जिले का बढ़ाया मान

Follow Us

बीजापुर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भैरमगढ़ के तीन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEE) में सफलता हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। ज्ञानेश्वर, कशिश नेताम और पूर्वी वाचम की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का संचालन आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया जाता है। इन संस्थानों का उद्देश्य जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

तीनों विद्यार्थियों ने नियमित अध्ययन, कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में सफलता हासिल की। उनकी उपलब्धि पर शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। ज्ञानेश्वर, कशिश नेताम और पूर्वी वाचम की सफलता यह दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और दृढ़ संकल्प के साथ जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थी भी कठिन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।

इन विद्यार्थियों की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा बनी है। इससे जनजातीय क्षेत्रों में उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ने की उम्मीद है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भैरमगढ़ ने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।