कोंडागांव। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने पोर्टल में लंबित प्रविष्टियों को जल्द पूरा करने, एग्री स्टैक पंजीयन में तेजी लाने तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र और विवाह प्रमाण पत्र बनाने के कार्य को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को आई-गॉट कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से हर माह कम से कम एक विषय पर प्रशिक्षण पूरा करने और अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-ऑफिस से जुड़े कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखपति दीदी योजना और अन्य आजीविका गतिविधियों से लाभान्वित महिला स्व-सहायता समूहों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अस्पताल भवनों और आइसोलेशन वार्ड के निर्माण की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने और सोनोग्राफी सुविधा को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। उन्होंने शासकीय कार्यालयों में आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के लिए भी हेलमेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति भी जानी। इसके अलावा अटल डिजिटल सेवा केंद्र, महतारी सदन, महाविद्यालय, छात्रावास और अन्य निर्माणाधीन भवनों की स्थिति की समीक्षा कर कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
