यूएलसी के नाम से जारी धमकी भरे नोट में सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाने की चेतावनी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Follow Us

श्रीनगर। श्रीनगर में कश्मीरी पंडित सरकारी कर्मचारियों को कथित तौर पर एक बार फिर आतंकी धमकी मिली है। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा बताया जा रहा यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल (ULC) नामक संगठन के नाम से 7 अगस्त 2026 का एक धमकी भरा नोट सामने आया है। इसमें छह सरकारी कर्मचारियों की पहचान सार्वजनिक करने के साथ उन्हें निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। नोट में दावा किया गया है कि, संगठन सरकारी विभागों, खासकर राजस्व विभाग में तैनात कर्मचारियों पर नजर रख रहा है। इसमें सुरक्षा बलों और प्रशासन को भी चेतावनी दी गई है कि, कथित आतंक समर्थकों की संपत्तियों पर कार्रवाई किए जाने की स्थिति में जवाबी कदम उठाए जा सकते हैं।

कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को धमकाते हुए नोट में दावा किया गया है कि, घाटी छोड़कर जम्मू या किसी अन्य स्थान पर जाने के बावजूद वे सुरक्षित नहीं रहेंगे। परिवार और ठिकानों से जुड़ी जानकारी होने का भी दावा किया गया है। धमकी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। अधिकारियों की ओर से नोट की विश्वसनीयता, स्रोत और संभावित खतरे की जांच की जा रही है। निजी जानकारी सार्वजनिक किए जाने को कर्मचारियों को डराने और संभावित लक्षित हमलों के लिए पहचान उजागर करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। यह पहली बार नहीं है जब कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी ऐसे धमकी भरे संदेश सामने आ चुके हैं।