सूरजपुर। जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र के ग्राम बांसपारा में खेती और जमीन विवाद को लेकर रिश्तेदारों के बीच हुए विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति हाथ में तलवार लेकर हमला करने की कोशिश करता नजर आ रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में आरोपी लक्ष्मण देवांगन तलवार लहराते हुए आक्रामक अंदाज में दिखाई दे रहा है। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने तलवार से हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
पीड़ित महिला ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। साथ ही विवादित जमीन पर जबरन कब्जा कर खेती करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर बसदेई चौकी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
