500% टैरिफ की धमकी! ट्रंप का रूस पर बड़ा दांव, भारत-चीन पर भी पड़ सकती है सीधी मार

Follow Us

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने रूस पर नए प्रतिबंधों वाले प्रस्तावित ‘सैंक्शनिंग रशिया एक्ट’ का समर्थन किया है। इस बिल के तहत अमेरिका के राष्ट्रपति को यह अधिकार मिल सकता है कि, रूस से तेल, गैस और पेट्रोलियम उत्पाद खरीदने वाले देशों के आयात पर 500% तक टैरिफ लगाया जाए। यदि यह विधेयक अमेरिकी सीनेट और संसद से मंजूरी पाकर कानून बन जाता है, तो इसका सबसे बड़ा असर भारत और चीन जैसे देशों पर पड़ सकता है, क्योंकि दोनों रूस से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल खरीदते हैं। ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि रूस के ऊर्जा कारोबार को कमजोर करने के लिए सेकेंडरी प्रतिबंधों का विकल्प भी खुला है।

फिलहाल बिल सीनेट में विचाराधीन है और रिपब्लिकन पार्टी के कुछ नेताओं ने इसका विरोध भी किया है, इसलिए इसके कानून बनने पर अभी अंतिम फैसला बाकी है। प्रस्तावित कानून में रूस के तथाकथित ‘शैडो फ्लीट’, वित्तीय संस्थानों, सेंट्रल बैंक और यामल एलएनजी व आर्कटिक एलएनजी जैसे बड़े ऊर्जा प्रोजेक्ट्स पर भी कड़े प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है। यदि यह कानून लागू होता है, तो भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों के साथ वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी इसका व्यापक असर देखने को मिल सकता है।