सुप्रीम कोर्ट में हंगामा करने वाला प्रबल प्रताप गिरफ्तार, जजों को आदेश देने की कोशिश पड़ी भारी

Follow Us

मुंबई। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा करने और अदालत की कार्यवाही बाधित करने के आरोपी प्रबल प्रताप सिंह और उसके साथी चंद्रभान को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड हासिल की है।

यह घटना 10 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट के कोर्टरूम नंबर-13 में हुई थी। जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच एक मामले की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान याचिकाकर्ता के रूप में मौजूद प्रबल प्रताप सिंह ने अदालत के निर्देशों का पालन करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि, उसने मुख्य न्यायाधीश (CJI) के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की, जजों की ओर कागज उछाले और अदालत की कार्यवाही में व्यवधान पैदा किया। इतना ही नहीं, उसने जजों को निर्देश देने की भी कोशिश की और सुरक्षा कर्मियों के रोकने पर धक्का-मुक्की की।

घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने दोनों आरोपियों को कोर्टरूम से बाहर निकाल दिया। पुलिस ने बताया कि, दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उनके पास से आपत्तिजनक पर्चे भी बरामद हुए हैं। प्रबल प्रताप सिंह इटावा का रहने वाला है और लखनऊ यूनिवर्सिटी में एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि उसका साथी चंद्रभान रायबरेली का निवासी और एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।