नई दिल्ली। इस बार प्रगति मैदान में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में करीब 600 स्टार्ट अप्स के साथ साथ 3500 व्यापारिक इकाइयां शामिल होंगी। प्रगति मैदान में इस साल ‘विकास और विरासत’ थीम पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन शुक्रवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। हांलाकि व्यापार मेले में कारोबार की शुरूआत 14 नवंबर से होगी। मेला 14 नवंबर से 18 नवंबर तक कंपनियों के बीच व्यापार (बीटूबी) को बढ़ावा देने के लिए खुला रहेगा। इसके बाद मेला आम जनता के लिए 19 नवंबर से खोल दिया जायेगा जो 27 नवंबर तक चलेगा।
भारत व्यापार संवर्द्धन संगठन(आईटीपीओ) के चेयरमैन जावेद अशरफ ने इस मौके पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि व्यापार मेले में बड़ी संख्या में स्टार्ट अप्स शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेले में करीब 600 स्टार्ट अप्स शामिल होंगे। ये स्टार्ट अप्स महानगरों के साथ साथ द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों में सक्रिय हैं।
भारत को सीरीज जीतने की उम्मीद, न्यूजीलैंड उतरेगा सीरीज बचाने
अशरफ ने बताया कि मेले में स्टार्ट अप्स के अलावा सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) की इकाइयों की भी बहुतायत रहेगी। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग की इकाइयों के उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा देने पर सरकार का विशेष ध्यान है और इस तरह के मेले से इसे प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने बताया कि मेले में व्यापारिक इकाइयों को दूसरी व्यापारिक इकाइयों और दूसरे लोगों के साथ संपर्क का मौका मिलता है और इससे कारोबार को प्रोत्साहन मिलता है।
आईटीपीओ चेयरमैन ने बताया कि इस बार मेले में 11 देश भाग ले रहे हैं। इनमें चीन, ईरान, श्रीलंका, तुर्की, बंगलादेश के अलावा थाईलैंड, घाना, अफगानिस्तान, ट्यूनिशिया, थाईलैंड और नेपाल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस बार बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश भागीदार राज्य के रूप में हिस्सा लेंगे जबकि फोकस राज्य के रूप में असम, दिल्ली झारखंड और पश्चिम बंगाल को रखा गया है। मेले में 32 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के अलावा 51 मंत्रालय, सार्वजनिक उपक्रम और अन्य संगठन शिरकत करेंगे।
टाई चंडीगढ़ क्रिकेट लीग का आठवां संस्करण 20 नवंबर से, 16 टीमें लेंगी हिस्सा
अशरफ ने बताया कि मेले के टिकटों की बिक्री 55 मेट्रों के स्टेशनों पर होगी। इसके अलावा ये टिकट ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेंगे। मेले में वयस्क दर्शकों के लिए टिकट आम दिनों में एक सौ रुपये का होगा जबकि बच्चों के लिए 50 रुपये का भुगतान करना होगा। शनिवार, रविवार और अन्य छुट्टी वाले दिनों में टिकट की दर वयस्कों के लिए दो सौ रुपये और बच्चों के लिए एक सौ रुपये होगी। जबकि व्यापार वाले दिनों में वयस्क दर्शकों के लिए ये दर 500 रुपये और बच्चों के लिए 200 रुपये होगी। इसमें शनिवार या छुट्टी वाले दिनों में कोई रियायत नहीं दी गयी है।
अशरफ ने बताया कि मेले के दौरान देश की सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाने के लिए देश के नामी गिरामी कलाकारों का प्रदर्शन हर दिन अलग अलग सभागारों में किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस बार मेले के दौरान ट्रैफिक पर विशेष ध्यान दिया गया है और लोगों को कोई दिक्कत नहीं हो इसके काफी इंतजाम किये गये हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल करीब 18 लाख दर्शकों ने मेले में भाग लिया था और साल यह संख्या और भी बढ़ने का अनुमान है।
