रायगढ़। जिले के थाना चक्रधरनगर क्षेत्र स्थित आशीर्वाद मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से चोरी की रकम बरामद की गई है। दोनों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने के बाद बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में दोनों बालकों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ 3 जुलाई की रात मेडिकल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश कर गल्ले से ₹4,000 नकद चोरी करना स्वीकार किया। चोरी की रकम चारों ने आपस में एक-एक हजार रुपये बांट ली थी।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद तीन आरोपी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से जामगांव की ओर घूमने निकले थे। इस दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीनों घायल हो गए। इनमें दो आरोपी फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि हिरासत में लिया गया एक अपचारी बालक सामान्य रूप से घायल हुआ था।
प्रार्थी रतन मित्रा (67), निवासी बोईरदादर की शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की गई। पुलिस ने दोनों बालकों के कब्जे से चोरी के बंटवारे के एक-एक हजार रुपये बरामद किए हैं। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने और परिजनों को सूचना देने के बाद दोनों को किशोर न्याय बोर्ड, रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
