रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में तापमान फिर बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। रायपुर में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कम दर्ज किया गया।
प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली। कुटरू में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि लाभांडीह और रायपुर में भी अच्छी वर्षा हुई। बिलासपुर, सारंगढ़, मोहला और लोरमी समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर प्रदेश और तेलंगाना क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिला। विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। हालांकि इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा और तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
