राष्ट्र धर्म और राजनीतिक कर्म एक ही सिक्के के दो पहलू हैं जो देश की सभ्यता और संस्कृति को सुरक्षित दिशा देते हैं। राष्ट्र सामाजिक सहअस्तित्व का सर्वोच्च प्रतीक माना जाता है जबकि धर्म मनुष्य को कर्तव्य और उच्च आदर्शों से जोड़ने वाली चेतना। समाज को व्यवस्थित करने, उसकी रक्षा करने और नैतिक उत्थान के लिए जिन प्रणालियों का जन्म हुआ उसमें राजनीति एक महत्वपूर्ण प्रणाली है। राजनीति समाज के संचालन की वह धुरी है जो व्यवस्था, न्याय और विकास को दिशा देती है। इस प्रशासनिक शब्दावली से आत्म-अनुशासन, लोक-कल्याण और त्याग के उच्चतम आयाम जुड़े हुए हैं। भारतीय संस्कृति में धर्म का अर्थ होता है धारयते इति धर्मः अर्थात वह शक्ति जो समाज और मानवता को धारण करती है, उसकी रक्षा करती है और उसे प्रगति पथ पर अग्रसर करती है। राष्ट्र धर्म का वास्तविक अर्थ वसुधैव कुटुम्बकम और राष्ट्र चेतना होता है। यदि राजनीतिक कर्म को राष्ट्र धर्म के साथ जोड़ दिया जाए तो राजनीति शासन करने का साधन न होकर सेवा, त्याग और सत्यनिष्ठा का मार्ग बन जाती है। भारत में राष्ट्र को माता के रूप में देखा जाता है यह भाव व्यक्ति और प्रकृति के बीच के अटूट रिश्ते को भी दर्शाता है। जब हम राष्ट्र को अपना परिवार और अपनी जन्मभूमि को पूज्य मानते हैं, तो इसके प्रति समर्पण राष्ट्र धर्म बन जाता है। राष्ट्र धर्म का मूलमंत्र है व्यक्ति से ऊपर परिवार, परिवार से ऊपर समाज, समाज से ऊपर राष्ट्र, और राष्ट्र से ऊपर मानवता। जब कोई नागरिक या जनप्रतिनिधि अपने व्यक्तिगत, दलीय या संकीर्ण हितों को ताक पर रखकर राष्ट्र के हितों को सर्वोपरि मानता है, तब वह सच्चे राष्ट्र धर्म का निर्वहन करता है। आधुनिक युग में हर नागरिक और नेता प्रायः अपने अधिकारों की बात करते हैं, लेकिन राष्ट्र धर्म हमें सदैव कर्तव्यों की याद दिलाता है। गीता का निष्काम कर्मयोग राष्ट्र धर्म का सबसे बड़ा दार्शनिक आधार है। केवल नीतियाँ बनाना, चुनाव जीतना या संसद में भाषण देना राजनीतिक कर्म के अंतर्गत नहीं आता, राजनीतिक कर्म वह निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है जिसके माध्यम से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक न्याय, सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएँ पहुँचाई जाती है। सत्यनिष्ठा, संवाद, सहनशीलता, संवेदनशीलता एवं आत्म संयम को राजनीतिक कर्म का अनिवार्य अंग माना जाता है। जब कोई राजनेता, जनता का प्रतिनिधि न बनकर उनका सेवक बनता है, तभी राजनीतिक कर्म सार्थक सिद्ध होता है। राष्ट्र धर्म सांस्कृतिक चेतना, लोक कल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं मूल्यों के प्रति सचेत करता है जबकि राजनीतिक कर्म राष्ट्र एवं जनहितकारीनीतियों के निर्माण, उसके कृयान्वयन, सुशासन एवं सामाजिक समरसता कायम रखने प्रेरित करता है। राष्ट्र धर्म और राजनीतिक कर्म में एकीकरण से ही राष्ट्र मजबूत होता है एवं सुशासन, स्थिरता और विकास का मार्ग प्रशस्त होता है। वोट बैंक की राजनीति, निजी स्वार्थ की सिद्धि एवं सत्ता मोह के कारण राजनीतिक कर्म में जब अवसरवाद, दलबदल, क्षेत्रीय, जातीय और भाषाई ध्रुवीकरण, भ्रष्टाचार एवं नीतिगत शिथिलता का प्रवेश होता है तब देश में अराजकता की स्थिति पैदा होती है। जहाँ राष्ट्र धर्म हमें देश के उत्थान के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करना सिखाता है वहीं राजनीतिक कर्म नीतियों, संकल्पों एवं राष्ट्र को विश्वगुरु और परम वैभव के शिखर पर पहुँचाने के लिए व्यावहारिक मंच प्रदान करता है। आज आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक नागरिक अपने राष्ट्र धर्म का एवं राजनीतिकर्म निष्कलंक, निष्पक्ष और राष्ट्र-केंद्रित राजनीतिक कर्म का पूरी ईमानदारी के साथ पालन करें तभी सर्वे भवन्तु सुखिनः का संकल्प साकार होगा।
राष्ट्र धर्म एवं राजनीतिक कर्म का औचित्य- डॉ. मानिक विश्वकर्मा
Follow Us
