गोंडी गाथा सेवा दल की प्रस्तुति ने समाज में जगाई मूल संस्कृति के संरक्षण की अलख

Follow Us

गुरु संदेश को गांव-गांव पहुंचा रहे चम्पेश्वर नेताम और महिमा मरई, गोंडी संस्कृति के प्रति जागरूकता लाने का कर रहे प्रयास

गरियाबंद। रामाधार ध्रुव की धर्मपत्नी स्वर्गीय धर्मिन बाई ध्रुव के दशगात्र कार्यक्रम में आज गोंडी गाथा सेवा दल पाटसिवनी–हीराबतर द्वारा विशेष सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुति दी गई। गोंडी गाथा के माध्यम से समाज को अपनी मूल संस्कृति, परंपरा, धार्मिक मान्यताओं और प्रकृति से जुड़े सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में चम्पेश्वर नेताम ने अपनी गाथा के माध्यम से विस्तारपूर्वक बताया कि वर्तमान बदलते सामाजिक परिवेश में गांव से लेकर शहरों तक समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मूल संस्कृति, रीति-रिवाज, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस समाज को अपने इतिहास, संस्कृति और पूर्वजों की पहचान का ज्ञान नहीं होता, वह धीरे-धीरे अपनी मूल पहचान से दूर होता चला जाता है।

अपनी प्रभावशाली गाथा के माध्यम से उन्होंने समाज के समक्ष कई महत्वपूर्ण सवाल रखे। बूढ़ा देव कौन हैं? बूढ़ी माई कौन हैं? गोंडी समाज में दिवंगत पूर्वजों एवं मृत आत्माओं को देवतुल्य सम्मान क्यों दिया जाता है? गोंड समाज को प्रकृति का पुजारी क्यों कहा जाता है? इन सभी विषयों पर उन्होंने विस्तारपूर्वक अपनी बात रखी और गोंडी समाज की धार्मिक मान्यताओं, परंपराओं एवं सांस्कृतिक दर्शन को समझाने का प्रयास किया।

उप मुख्यमंत्री साव पथ विक्रेताओं से करेंगे संवाद, नगरीय प्रशासन विभाग और सूडा द्वारा स्वनिधि महोत्सव का आयोजन

उन्होंने बताया कि गोंडी संस्कृति में जल, जंगल, जमीन, पहाड़, नदी, पेड़-पौधे और समस्त जीव-जंतुओं का विशेष महत्व है। प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीवन जीना, पूर्वजों के ज्ञान और संस्कारों का सम्मान करना तथा अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना ही हमारी सांस्कृतिक विरासत की पहचान है।वहीं महिमा मरई ने अपनी मधुर आवाज और शानदार गायन शैली से कार्यक्रम में समां बांध दिया।

उन्होंने पूरी टीम के साथ गोंडी गाथा की सशक्त प्रस्तुति देकर उपस्थित समाजजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी गायकी और चम्पेश्वर नेताम की विचारपूर्ण गाथा ने कार्यक्रम को विशेष रूप से प्रभावशाली बना दिया।गोंडी गाथा सेवा दल की प्रस्तुति देखकर कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज को ऐसे सांस्कृतिक एवं वैचारिक आयोजनों की बेहद आवश्यकता है, जो नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, इतिहास, धार्मिक मान्यताओं और पूर्वजों की विरासत से जोड़ सकें।

चम्पेश्वर नेताम और महिमा मरई का उद्देश्य केवल मंचीय प्रस्तुति देना नहीं, बल्कि गोंडी समाज में सांस्कृतिक जागृति लाना, समाज को अपनी मूल पहचान से जोडऩा और गुरुजनों के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना है। वे अपनी गाथा, गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लगातार समाज को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।

किसानों की आर्थिक समृद्धि और खेती को लाभकारी बनाने के लिए छत्तीसगढ़ में हो रहे नवाचार -कृषि मंत्री रामविचार नेताम

समाज में नई चेतना और सांस्कृतिक जागृति लाने के लिए ऐसे आयोजन प्रत्येक गांव में होने चाहिए, ताकि समाज के लोग अपनी मूल संस्कृति को समझें, उसका सम्मान करें और आने वाली पीढिय़ों तक इस अमूल्य विरासत को सुरक्षित पहुंचाएं। गोंडी गाथा सेवा दल पाटसिवनी–हीराबतर की यह पहल निश्चित रूप से समाज को अपनी जड़ों से जोडऩे, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी में जागरूकता लाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।