शीतकाल के लिए वैदिक मंत्रोचारण के मध्य बंद हुए ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद की उच्च हिमाच्छादित पर्वत मालाओं पर स्थित विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार प्रातः साढ़े आठ बजे पूर्व परंपरानुसार भैयादूज के अवसर पर विधि-विधान तथा मंत्रोचारण के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गये। इस कपाट मंगलम अवसर पर श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित पांच हजार से अधिक श्रद्धालु कपाट बंद होने के साक्षी बने। उल्लेखनीय है कि इस यात्रा वर्ष अभी तक के ऐतिहासिक संख्या साढ़े उन्नीस लाख तीर्थयात्रियों ने श्री केदारनाथ धाम के दर्शन किये हैं।

कपाट बंद होने के अवसर पर श्री मंदिर को फूलों से सजाया गया था। दानी दाताओं तथा आईटीबीपी ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे आयोजित किये।पिछले दिनों नजदीक पहाड़ियों पर बर्फवारी से श्री केदारनाथ में मौसम सर्द है। आज ही भगवान केदारनाथ जी की चल विग्रह पंचमुखी डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के साथ समारोह पूर्वक एय श्री केदार के उद्घोष के साथ पहले पड़ाव रामपुर के लिए प्रस्थान हुई।

पीएम मोदी ने भाई दूज की दी बधाई , भाई-बहन के अटूट प्रेम के बंधन के उत्सव का बताया त्योहार

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर गुरूवार को पंचमुखी डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी तथा 13 नवंबर शुक्रवार को पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत बीते शनिवार 7 नवंबर को भगवान केदारनाथ के रक्षक श्री भकुंट भैरवनाथ जी के कपाट शीतकाल को बंद हो गये थे। आज भैयादूज के अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर प्रात: साढ़े तीन बजे श्रद्धालुओं को दर्शनार्थ खुल गया। पांच बजे से कपाट बंद की प्रक्रिया शुरू हुई। पुजारी टी गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी आचार्य वेदपाठियों की उपस्थिति में भगवान केदारनाथ के स्यंभू शिवलिंग को श्रृंगार रूप से समाधि रूप दिया।

स्थानीय पुष्पों ब्रह्मकमल तथा भस्म से शिवलिंग को ढ़क दिया गया। इसके पश्चात गर्भ गृह के कपाट बंद हो गये तथा भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली सभा मंडप से बाहर मंदिर परिसर में आ गयी। इस अवसर पर सारा मंदिर परिसर जय श्री केदार और ऊं नम् शिवाय के उद्घोष से गूंज उठा। साढ़े आठ बजे मुख्य मंदिर के कपाट बन्द हो गये तथा पंचमुखी डोली ने प्रथम पड़ाव को प्रस्थान किया।

शेयर बाजारों में तेजी जारी, सेंसेक्स 1,400 अंक उछला

इस अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डा. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ के अधिकारी तथा जवान भी मौजूद रहे।